
अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय पांडातराई द्वारा जलेश्वर महादेव घाट, डोंगरिया कला में 15 दिसम्बर से आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) के सात दिवसीय विशेष शिविर का आज 21 दिसंबर को भव्य एवं रंगारंग समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह शिविर संस्था के प्राचार्य डॉ. एल.के. तिवारी के कुशल निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डी.पी. चन्द्रवंशी एवं कार्यक्रम सहायक श्री दिनेश कुमार राज के मार्गदर्शन में कुल 48 शिविरार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

समापन समारोह में जनपद सदस्य प्रतिनिधि श्री तुषार चंद्रवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका की सराहना करते हुए युवाओं से समाज सेवा के कार्यों में निरंतर आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन अवसर पर पंचायत की ओर से सभी शिविरार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सेवा कार्यों एवं अनुशासन की सराहना की गई। इस दौरान शिविरार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समस्त उपस्थित जनों का मन मोह लिया। लोकगीत, नृत्य, नाटक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिविर की थीम को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस विशेष शिविर में योगेश, आकाश, सत्यम, कुलदीप, शुभम, राजेश्वर, समीर, देवचंद, रविकांत, राहुल, युगल, भूमिका, प्रियंका, साक्षी, सांगिता, राखी, ममता, रीना, रत्ना सहित समस्त स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शिविर को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, महाविद्यालय परिवार एवं सभी स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं सेवा भाव से परिपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया गया।









