
कबीरधाम। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुरकला, विकासखंड बोड़ला की कक्षा 10वीं की छात्रा अंजली अनंत ने बड़ा उपलब्धि हासिल की है। जशपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी प्रतियोगिता में अंजली ने प्राकृतिक खेती पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसके आधार पर उनका राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है।

इस उपलब्धि पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने अंजली को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। अंजली ने यह सफलता अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका विमला महोबिया के निर्देशन में प्राप्त की है।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सी. पी. चंद्रवंशी ने बताया कि सारंगपुरकला विद्यालय शिक्षा और अन्य प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करता आया है। पूर्व वर्षों में विद्यालय ने बोर्ड प्रावीण्य सूची, इंस्पायर अवॉर्ड, युवा उत्सव, वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिताओं में कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। खेल के क्षेत्र में भी छात्रा रीना मिरज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांग्लादेश में पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया था।
प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन यह साबित करता है कि विद्यालय में प्रतिभाओं की कमी नहीं है— जहाँ भी प्रतियोगिता में भाग लेते हैं, उत्कृष्ट परिणाम निश्चित होते हैं। उन्होंने अंजली अनंत के साथ-साथ विद्यालय के सभी विज्ञान शिक्षकों को भी बधाई दी।









