कवर्धाछत्तीसगढ़न्यूज़पंडरियापांडातराईपिपरियाबोड़लाशिक्षा

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसुमघटा में कक्षा नवमी की छात्राओं को किया गया निःशुल्क साइकिल वितरण

मेगा पालक-शिक्षक बैठक का हुआ आयोजन, बालिका शिक्षा को लेकर हुई सार्थक चर्चा

कवर्धा जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसुमघटा में सरस्वती साइकिल योजना के तहत सत्र 2025-26 में अध्ययनरत कक्षा नवमी की 31 बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यादायिनी मां सरस्वती और मां भारती की पूजा-अर्चना, वंदना, पुष्पमाला और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य अश्वनी कोसरे, वरिष्ठ व्याख्याता टी.आर. ताड़िया, महेश्वर द्विवेदी, शिव चंदवंशी, दुर्गेश चंद्रवंशी, बुधराम निषाद तथा शाला नायक श्याम मिरी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सत्यनारायण तिवारी ने किया तथा योजना की विस्तृत जानकारी प्रभारी शिक्षक महेश्वर द्विवेदी ने दी।

 

इस अवसर पर जनपद पंचायत बोड़ला के जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि बलका राम किंकर वर्मा, उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जनपद सदस्य मधु प्रीतम वर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष शिवनाथ वर्मा, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, पालकगण एवं विद्यालय परिवार की गरिमामय उपस्थिति रही।

छात्राओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा विद्यावाहन (साइकिल) को पूजा कर माँ भारती के आशीर्वाद से चाबी सौंप कर सम्मानपूर्वक वितरित किया गया।

 

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि —

“राज्य शासन की इस महत्वाकांक्षी सरस्वती निःशुल्क साइकिल योजना से बालिकाओं में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और नियमित अध्ययन की प्रेरणा बढ़ेगी।”

 

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवनाथ वर्मा ने कहा —

 

“विद्यालय खुलने से पहले गाँव की केवल दो ही बालिकाएँ आठवीं तक शिक्षित थीं, पर आज 100 से अधिक बेटियाँ 12वीं पास कर चुकी हैं — यह शिक्षा की शक्ति और समाज में जागरूकता का प्रमाण है।”

 

प्रबंध समिति सदस्य शीतल राम वर्मा ने कहा कि —

 

“यह साइकिल नहीं, विद्यावाहन है। इसे नियमित रूप से विद्यालय आने-जाने में उपयोग करें और अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाएँ।”

 

वहीं नंद श्रीवास ने बालिकाओं को झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई से साहस और निडरता की प्रेरणा लेने की बात कही।

मुख्य अतिथि बलका राम किंकर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा —

“कुसुमघटा की बेटियाँ अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में जिले का नाम रोशन करेंगी।”

 

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य अश्वनी कोसरे ने सभी अतिथियों, पालकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENT

You cannot copy content of this page