
कबीरधाम: सुंदर वनचाल ग्राम पंचायत भुरसीपकरी में आज पारंपरिक अनाज कोदो, कुटकी व मडिया के उत्पादन एवं उपयोग को बढ़ावा देने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में भुरसीपकरी के साथ-साथ आश्रित ग्राम बनगौरा, सुकझर, अंधरीकछार और हडही से बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आदिवासी समता मंच के अध्यक्ष इंदु नेताम, भुरसीपकरी के पूर्व जनपद सदस्य लमतु सिंह बगदरिया बैगा, दलदली से गुलाब सिंह बैगा तथा दलदली के पूर्व सरपंच नन्हे सिंह परस्ते उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न गांवों की ग्रामीण महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, मितानिन और शिक्षक भी शामिल हुए।
अध्यक्ष इंदु नेताम ने महिलाओं को कोदो-कुटकी के उपयोग व इससे बनने वाले व्यंजनों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए बताया कि कोदो-कुटकी से खीर, इडली सहित कई पौष्टिक व स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं। मौके पर उपस्थित महिलाओं ने कोदो-कुटकी मिलाकर खीर और इडली बनाकर सभी को परोसा।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में आदिवासी समता मंच के कार्यकर्ता अयोध्या जयसवाल, दयाल मेरावी और इतवारी पंदराम का विशेष सहयोग रहा।









