
कवर्धा। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर मां नर्मदा महिला बोल बम समिति दौजरी, सोनबरसा, बटुराकछार और बारदी की महिलाओं ने झिरना से जालेश्वर महादेव (डोंगरिया) मंदिर तक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा बड़े ही हर्ष-उल्लास के साथ पूरी हुई और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
महिला बोल बम समिति की अध्यक्ष देव चंद्रवंशी ने बताया कि यह क्षण महिलाओं के लिए गर्व और आस्था का प्रतीक है। 30 जुलाई को शुरू हुई इस यात्रा में लगभग 350 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं और पूरे अनुशासन व श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा पूर्ण की।
यात्रा के दौरान हर तरफ ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। अध्यक्ष ने सभी सहयोगी माताओं और बहनों का आभार जताते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती है।
श्रावण मास को आस्था, अनुशासन और सेवा का अद्वितीय संगम बताते हुए उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ और मां नर्मदा सबके जीवन में सुख-समृद्धि का प्रवाह करें।