
कवर्धा: कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी वाई.डी. साहु के नेतृत्व में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दुर्गावती चौक, कवर्धा में आज जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस बैठक में सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता, श्री यू.आर. चन्द्राकर, डी.जी. पात्रा एवं एम.आई.एस. प्रशासक सतीश कुमार यदु उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी वाई.डी. साहु ने 1 मार्च से आरंभ होने वाली बोर्ड परीक्षा के सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर एवं सेजेस कचहरीपारा, कवर्धा के प्राचार्य आर.एस. धुर्वे ने उपस्थित प्रशिक्षार्थियों को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के आधार पर कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, ठंडे पेयजल की उपलब्धता, हवादार एवं प्रकाशयुक्त परीक्षा कक्ष, बोर्ड द्वारा निर्धारित पंजियों, प्रपत्रों और निर्देशों के समयानुसार समुचित क्रियान्वयन के संबंध में विशेष जोर दिया। इसके अलावा, कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केंद्रीकृत मूल्यांकन परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए राज्य कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों को साझा करते हुए आवश्यक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
बैठक में प्री-बोर्ड परीक्षा 2025 की समीक्षा, वार्षिक परीक्षा (कक्षा 9वीं व 11वीं), बोर्ड परीक्षा (कक्षा 10वीं व 12वीं) और प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की शेष कक्षाओं की परीक्षा तैयारी की समीक्षा की गई। साथ ही, अपार आईडी निर्माण की प्रगति, छात्रवृत्ति, सीजी स्कूल डॉट इन पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि, शिक्षकों की वरिष्ठता सूची, आईपीआर अपलोड की स्थिति और लंबित अवकाश आवेदनों के त्वरित निराकरण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। इस एक दिवसीय बैठक सह प्रशिक्षण में जिले के चारों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक, 75 परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, रिजर्व केन्द्राध्यक्ष एवं 150 संकुलों के संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।
Unable to retrieve new videos from YouTube. Please try again later.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.


