बैहरसरी की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की ओर, 2.76 करोड़ की सड़क को मिली प्रशासकीय स्वीकृति

कवर्धा। कबीरधाम जिले के ग्राम बैहरसरी के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है। गांव की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत मुख्य मार्ग बैहरसरी से गौठान सुरजपुरा तक सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 76 लाख 61 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस सड़क निर्माण की मांग को लेकर भाजपा मंडल बोड़ला के महामंत्री अमित वर्मा लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने इस विषय को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के समक्ष कई बार रखा और सड़क निर्माण के लिए पहल करने का आग्रह किया। अमित वर्मा के लगातार प्रयासों और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल के बाद आखिरकार सड़क निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है।

छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी आदेश में इस सड़क को वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों की सूची में शामिल किया गया है। आदेश के अनुसार सड़क की निर्माण राशि 262.53 लाख रुपये तथा संशोधन राशि 14.08 लाख रुपये सहित कुल 276.61 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर भाजपा मंडल बोड़ला के महामंत्री अमित वर्मा ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बैहरसरी के ग्रामीणों की यह वर्षों पुरानी मांग थी। इस मांग को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
अब आगामी टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। सड़क बनने से ग्राम बैहरसरी के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गौठान सुरजपुरा तक पहुंचना आसान होगा। लंबे समय से इस सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों में प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से खुशी का माहौल है।


