
कवर्धा: लोहारा नाका स्थित शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर बनाए गए हनुमान मंदिर एवं उसकी आड़ में अवैध गतिविधियों की शिकायत को लेकर युवा मित्र मंडल, कवर्धा ने आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कवर्धा के नाम नायब तहसीलदार विकास जैन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले की जांच कर दो दिवस के भीतर वैधानिक कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए तथा मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अन्नपूर्णा मंदिर में स्थापित कराया जाए। साथ ही, यदि स्थल पर किसी प्रकार की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों तो संबंधित लोगों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाए।

युवा मित्र मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो मंडल स्वयं इस संबंध में कदम उठाएगा। मंडल ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


